प्रशासन की लाख कवायद के बावजूद अभी तक धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है ,जबकि एक नवंबर से खरीद प्रारंभ करने का फरमान जारी कर दिया गया था। हालत यह है कि अभी कई केंद्र पर ताला लटका हुआ है तो कई
पर सामान के अभाव में खरीद शुरू नहीं हो पाई है। बता दें कि जनपद में धान की खरीद के लिए नौ एजेंसियों के 82 केंद्रों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें खाद्य विपणन के सात, एफसीआई के एक, पीसीएफ के 58, कर्मचारी कल्याण
निगम के तीन, एग्रो के एक, एनसीसीएफ के तीन, नेफेड के तीन और नैकाफ के तीन क्रय केंद्र हैं। केंद्रों पर धान खरीद से संबंधित आवश्यक सामानों को उपलब्ध कराने और एक नवंबर से धान की खरीद प्रारंभ करने का निर्देश दिया जा
चुका है। इन केंद्रों को 49 हजार 600 मीट्रिक टन धान खरीद करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन अभी तक एक भी छटांक धान की खरीद की गई है। किसान सेवा केंद्र फत्तूपुर, विपणन निरीक्षण केंद्र महराजगंज व साधन सहकारी समिति ढ़ेमा सहित कई केंद्रों पर ताला लटका हुआ है।