जौनपुर। जिले में छठे चरण में दो लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए सोमवार तक कुल 39 नामांकन हुए थे। मंगलवार को जांच में अभिलेखों के अभाव में श्रीकला सिंह, शिवकन्या समेत 13 प्रत्याशियों के परचे निरस्त कर दिए गए। अब मैदान में 26 प्रत्याशी रह गए हैं। नाम वापसी नौ मई को की जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि सामान्य प्रेक्षक सीबी बलात व के. लीलावती की उपस्थिति में नामांकन पत्रों व निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी उम्मीदवारों व प्रतिनिधियों के सामने की गई। इसमें 39 में से 26 के नामांकन पत्र वैध पाए गए। जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय चंद्रमणि पांडेय, मो.नौशाद,
श्यामलाल, अश्वनी कुमार, अमित, संजीव कुमार प्रजापति, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के बदरे आलम, समाज परिवर्तन पार्टी के नीलम कुमार, बसपा की श्रीकला सिंह, छत्रपति शिवाजी भारतीय गरीब पार्टी सोनू सिंह, सपा से शिवकन्या कुशवाहा, गांधियन पीपुल्स पार्टी के यशवंत कुमार गुप्ता का नामांकन निरस्त हुआ है।
कुल 26 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें 12 का नामांकन निरस्त हो गया। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें से जनता कांग्रेस पार्टी के मनोज कुमार का नामांकन निरस्त हो गया।