मीरगंज। जंघई और बरियारपुर रेलवे स्टेशन के बीच बन रहे फ्लाईओवर पर गर्डर चढ़ाने का काम मंगलवार को बाधित रहा। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रैफिक ब्लॉक (ट्रेनों का आवागमन रोकने का समय) न मिल पाने के कारण दूसरे दिन गर्डर चढ़ाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। रूट पर स्पेशल ट्रेनों की अधिकता के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई।
जंघई फ्लाईओवर पर सोमवार से गर्डर चढ़ाने का काम शुरू किया गया था, जिसे तीन दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को कार्यदायी संस्था स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी की टीम सुबह 11 बजे से ही ब्लॉक मिलने की उम्मीद में पूरी तैयारी के साथ डटी हुई थी। बाद में रेलवे की ओर से सूचना दी गई कि दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच ब्लॉक उपलब्ध कराया जाएगा।
दोपहर में रेलवे के कुछ कर्मचारी भी मौके पर पहुँच गए और कंस्ट्रक्शन कंपनी ने भारी-भरकम क्रेन की मदद से एक गर्डर को ऊपर उठा लिया था।
कार्य शुरू ही होने वाला था कि अचानक रेलवे की ओर से जानकारी दी गई कि आज रूट पर स्पेशल ट्रेनों का दबाव ज्यादा है, जिसके कारण ब्लॉक देने का मौका नहीं मिल पा रहा है। अंततः ब्लॉक को रद्द कर दिया गया और क्रेन द्वारा हवा में उठाए गए गर्डर को वापस फ्लाईओवर के ऊपर ही सुरक्षित रख दिया गया।
इस मामले में अवर अभियंता (जेई) एनएच ओपी प्रसाद ने बताया, गर्डर चढ़ाने को लेकर हमारी ओर से तैयारी पूरी थी, लेकिन रूट अधिक व्यस्त होने के कारण रेलवे द्वारा ब्लॉक नहीं दिया गया। इसी वजह से आज गर्डर नहीं चढ़ाए जा सके। अब बुधवार को रेलवे से ब्लॉक मिलने के बाद यह काम दोबारा शुरू किया जाएगा।