जफराबाद। जफराबाद जंक्शन पर फैजाबाद, सुल्तानपुर, वाराणसी, प्रयागराज के लिए ट्रेनें मिलती हैं। जंक्शन होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पूछताछ केंद्र व पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्रियों ने समस्या से निजात दिलाने की जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है।
जफराबाद जंक्शन पर प्रतिदिन 13 जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है। रोज तीन हजार से अधिक यात्रियों को आवागमन होता है। प्रतिदिन नौ से 10 हजार रुपये राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था व पूछताछ केंद्र नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कजगांव निवासी अंकित कुमार, मुफ्तीगंज निवासी विकास, खरचलपुर निवासी उमा यादव ने बताया कि स्टेशन पर पूछताछ की व्यवस्था व पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से ट्रेनों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया है कि पूछताछ की व्यवस्था नहीं है। इससे यात्रियों को दिक्कतें होती हैं। लोग पूछताछ के लिए पैनल कक्ष में चले जाते हैं। पार्किंग के लिए जगह नहीं है। इस समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।