मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती फूड प्वायजनिंग से पीड़ित बच्चे।
नगर के कृपाशंकर मोहल्ले में स्थित मदरसा फैजाने कदीरिया के नौ छात्र बुधवार को फूड प्वायजनिंग से पीड़ित हो गए। हालत खराब होते ही उनको उपचार के लिए मछली शहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालांकि छात्रों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
महतवाना मोहल्ला निवासी मुनीर अहमद के पुत्र राशिद के चालीसवें का आयोजन था। जिसमें कृपाशंकर मोहल्ले में स्थित मदरसा फैजाने कदीरिया के छात्र शामिल होने गये थे। कुरान ख्वानी के बाद सभी ने जलेबी खायी। दस मिनट बाद ही जलेबी खाने वाले नौ छात्रों की हालत बिगड़ने लगी।
इससे मौकेपर अफरातफरी मच गई। बीमार बच्चों में गौहानी ग्राम निवासी गुलाम सरवर (15) पुत्र शकील अहमद, मीरपुरखास निवासी अब्दुल करीम के दो पुत्र सरफराज(14) व इम्तियाज (11), सिराज (10) पुत्र लालमोहम्मद, नईगंज निवासी मारूफ (12) पुत्र हबीबुल्लाह, बारीगांव निवासी शमसाद (12) पुत्र मुस्ताक, शाहूपटटी निवासी रमजान के दो पुत्र
रेहान (12) व मेराज (8) और मोतीनगर निवासी समीर (8) पुत्र शमशेर है। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया है। सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी फूड प्वायजनिंग के शिकार थे। शाम चार बजे हालत सुधरने पर सभी को घर भेज दिया गया।