मारपीट में नौ घायल, 17 गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
जफराबाद/केराकत। जफराबाद थाना क्षेत्र के हौज गांव में राजभर और चौहान बस्ती के लोगों के बीच पुराने विवाद को लेकर शनिवार की देर शाम हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। सूचना पर जफराबाद, लाइनबाजार थाने की फोर्स के साथ सीओ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मारपीट में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
करीब एक माह पूर्व गांव की राजभर बस्ती के जन्मेजर राजभर और चौहान बस्ती के किशन चौहान की आपस में बाइक से टक्कर हो गई थी। जिसे लेकर दोनों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों मनबढ़ युवकों ने एक दूसरे को चैलेंज करते हुए गांव के मैदान में लड़ाई की थी। उस दौरान मारपीट में तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने उस वक्त शांति भंग में चालान किया था। उसी रंजिश को लेकर शनिवार को देर शाम एक बार फिर दोनों बस्ती के लोग आमने सामने हो गए। एक दूसरे के घर पर चढ़कर मारपीट की। दोनों तरफ से पवन राजभर, संजय राजभर, शैलेंद्र चौहान, अर्जुन, सत्येंद्र समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार कराया। पुलिस ने रविंद्र, हरेंद्र, ऋतिक, पवन, संजय , ऋषि कुमार, विक्रम, मोहन, मुकुंद, बबलू, दीवान चंद, राजेंद्र प्रसाद, कीर्ति आजाद सहित 17 लोगों को को गिरफ्तार किया है।
केराकत के सुल्तानपुर में रविवार को भूमि विवाद को लेकर मनबढ़ों ने निर्मला देवी 45 को मारपीटकर घायल कर दिया। उधर जखियां गांव में मनबढ़ों ने पुरानी रंजिश को लेकर रवीन्द्र नाथ सिंह 60 को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया ।दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है ।