जलालपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के विभिन्न संवर्गों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक आनंद मिश्रा और गौरव यादव ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने मांगों को शासन तक प्रभावी ढंग से भेजकर शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में न्यूनतम 18 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने, कार्यावधि, अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी वेतन निर्धारण व वेतन वृद्धि लागू करने की मांग की गई। एनएचएम कर्मियों के नियमितीकरण, वर्ष 2011 से सेवा दे रहे कर्मचारियों और वर्ष 2018 में नियुक्त सीएचओ को छह वर्ष की सेवा पूरी होने पर नियमित करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा रिक्त पदों पर स्थानांतरण नीति लागू करने, ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने तथा आउटसोर्स कर्मियों के समायोजन की मांग की गई। समिति ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। एक अक्तूबर से डिजिटल स्ट्राइक और काली पट्टी बांधकर कार्य, पांच से सात अक्तूबर तक सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन और आठ अक्तूबर को लखनऊ में एकत्रीकरण प्रस्तावित है। इस दौरान देवाशीष सिंह, मुकेश मौर्य, अवनीश कुमार और राकेश कुमार मौजूद रहे।