फ्लाईओवर निर्माण के कारण गांव में भर जाता था बरसात का पानी
एक साल पहले फसल डूबने पर किसानों ने किया था जोरदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरगंज। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन के आसपास के गांवों में बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव की समस्या से जल्द ही लोगों को स्थायी मुक्ति मिलने वाली है। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन के किनारे नाला निर्माण और पाइप बिछाने का कार्य तेज गति से शुरू करा दिया गया है। इसके पूरा होने पर जंघई स्टेशन क्षेत्र सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों में बरसाती पानी की निकासी सुगम हो जाएगी और किसानों की फसलें जलभराव से सुरक्षित रहेंगी।
मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जंघई बाईपास के निर्माण के दौरान फ्लाईओवर के आसपास मिट्टी की ऊंचाई बढ़ा दी गई थी। इसके कारण सेमरी, बौलियापुर, बभनियांव, यादवपुर समेत आसपास के गांवों में बारिश का पानी निकल नहीं पाता था। हर वर्ष खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती थी। पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूबकर नष्ट हो गई थी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसके विरोध में किसानों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया था। उस समय निर्माण कार्य कर रही स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी के लायजनिंग मैनेजर अनिल राय और प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णमूर्ति ने ग्रामीणों से वार्ता कर फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने के बाद नाला और पुलिया बनवाने का आश्वासन दिया था। अब उसी वादे के अनुरूप जेसीबी मशीनों से सर्विस लेन के किनारे नाले की खुदाई और फ्लाईओवर के नीचे पाइप डालने का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। नाला निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों और किसानों में खुशी का माहौल है। सेमरी गांव के लल्ला यादव, किसान यूनियन के प्रदेश सचिव राजनाथ यादव तथा पूर्व प्रधान पप्पू यादव ने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से धान की फसल जलभराव से बचेगी और जंघई स्टेशन क्षेत्र में भी पानी जमा होने की समस्या समाप्त होगी।
ग्रामीणों और किसानों से जल निकासी के लिए नाला बनवाने का वादा किया गया था। उसी के तहत सर्विस लेन के बगल में नाला निर्मित किया जा रहा है और फ्लाईओवर के नीचे पाइप बिछाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है ताकि इस बरसात में जलभराव न हो।
-ओपी प्रसाद (अवर अभियंता, एनएच)