जंघई फ्लाईओवर के नीचे जलनिकासी की पाइप के लिए खुदाई करता जेसीबी। स्रोत-संवाद
बदलापुर। कलिंजरा मोड़ से कंधी तक जर्जर मार्ग की दशा जल्द सुधरेगी। इस मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए 18.62 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। मार्ग के निर्माण के बाद 25 गांवों के 50 हजार से अधिक लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
बदलापुर में श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन की 23-सी क्रॉसिंग से लोग तेजीबाजार होकर प्रयागराज तक आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक होने से सड़क जर्जर हो गई है। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से हादसों की आशंका बनी रहती है। इसकी मरम्मत की लगातार मांग की जा रही थी।
भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि कलिंजरा मोड़ से कंधी तक करीब साढ़े नौ किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 18.62 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।