जौनपुर। शहर के पास जौनपुर केराकत मार्ग स्थित प्रसाद तिराहे के पास 33/11 का नया उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसका नाम पॉलिटेक्निक उपकेंद्र होगा और इसके निर्माण में करीब 6.5 करोड़ खर्च होंगे। इसके निर्माण से करीब 3 लाख की आबादी हो फायदा होगा। बिजली निगम ने शासन से मंजूरी ले ली है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि भी उपलब्ध करा दी गई है। हर बार गर्मी में ओवरलोडिंग के कारण होने वाली बिजली की समस्या का जल्द ही स्थाई समाधान होने जा रहा है। लोड को देखते हुए शहर को एक और विद्युत उपकेंद्र की सौगात मिलने वाली है। शहर में प्रसाद तिराहे के पास जौनपुर-केराकत मार्ग पर जिला प्रशासन की ओर से जमीन चिह्नित की गई है। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार इसके लिए प्रस्ताव पहले भी भेजा गया था लेकिन तकनीकी कमियों के कारण प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इस बार शासन की मंजूरी के साथ ही 6.5 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया है। बिजली निगम के अनुसार उपकेंद्र बनाने को चार बिस्वा जमीन आवंटित की गई है।
12 से अधिक मोहल्लों में मिलेगी बिजली : इस उपकेंद्र के बन जाने से शहर के 12 मोहल्लों को विद्युत आपूर्ति की जाएगी। इनमें बेगमगंज, पुरानी बाजार, पान दरीबा, हमाम दरवाजा, शकरमंडी व कुत्तूपुर आदि क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा गौराबादशाहपुर तक कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी उपकेंद्र से आपूर्ति की जाएगी।
अहियापुर उपकेंद्र की होगी क्षमतावृद्धि : शहर के भंडारी रेलवे स्टेशन के पास स्थित अहियापुर उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की जाएगी। यहां 10 एमवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा। इस उपकेंद्र पर लोड अधिक होने के कारण पिछली गर्मी में कुछ मोहल्लों को 48-48 घंटे तक अंधेरे में रहना पड़ा था।
पॉलिटेक्निक में नये उपकेंद्र की स्थापना जल्द कराई जायेगी ताकि आम जनता को ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिले। इससे किसानों व उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।-रौशन जमीर एसडीओ विद्युत वितरण खंड तृतीय, जौनपुर।