जफराबाद। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सैदाबाद गांव निवासी 24 वर्षीय युवक की दस दिन पूर्व पेड़ से लटकती लाश मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक ने आत्महत्या नहीं की थी। पड़ोसियों ने गला दबाकर उसे मौत के घाट उतारा और फिर आत्महत्या का रुप देने के लिए शव को फंदे से टांग दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या का कारण आशनाई बताया जा रहा है।
क्षेत्र के कचगांव (माधोपट्टी) गांव के पास बबूल के पेड़ से 30 मई की सुबह सैदाबाद गांव निवासी किशन बेनवंशी लाश मिली थी। तब मृत के पिता ने आत्महत्या करने की तहरीर दी थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि पुत्र नशे में आए दिन आत्महत्या की बात कहता था। संभव है कि इसी कारण से उसने जान दे दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो मामला दूसरा लग रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना आने के बाद पुलिस का शक यकीन में बदल गया। उधर, आसपास के लोगों से मृतक के पिता ने लालमन को भी पड़ोसियों से विवाद की जानकारी हुई। बृहस्पतिवार को उसने थाने में तहरीर देते हुए पड़ोसी विनोद कुमार बेनवंशी, छोटेलाल बेनवंशी, अरुण कुमार बेनवंशी पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकारी। सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मामला आशनाई का था। इसी चक्कर में किशन की हत्या हो गई। आरोपितों ने अपना गुनाह कबूल किया है।