जौनपुर। कोरोना संक्रमण से भले ही हाहाकार मचा हुआ है, मगर पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान इसका कहीं भी असर नजर नहीं आया। कोर्ट की कड़ी हिदायतों के बाद भी लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते रहे और जिम्मेदार तमाशबीन बने रहे। परिणाम जानने के लिए बेकरार लोगों की बेतहाशा भीड़ इस कदर थी कि कर्फ्यू भी बेमतलब जान पड़ रहा था। गणना काउंटर पर एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते हुए लोग जूझते नजर आए।
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने का बड़ा कारण पंचायत चुनाव की विभिन्न प्रक्रियाओं के दौरान बरती गई लापरवाही को भी माना जा रहा है। चालान बनवाने, नामांकन फार्म खरीदने और जमा करने के साथ ही चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान भी प्रत्याशियों ने इन मानकों को ताख पर रखा। असर यह रहा कि 15 अप्रैल को मतदान से पहले जहां जिले में एक्टिव केस 1701 थे, जो एक मई को करीब तीन गुना बढ़कर 4857 हो गए हैं। मौत के आंकड़े पांच गुना बढ़ गए। 15 मई तक नौ लोगों की जान गई थी, जबकि इसके बाद 16 अप्रैल से एक मई के बीच 51 लोगों ने जान गंवाई। इसके मद्देनजर ही कोर्ट और प्रशासन ने मतगणना के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने का दावा किया था। प्रशासन की तैयारियां भी ऐसी ही रहीं, लेकिन रविवार को जब मतगणना केंद्रों पर भीड़ उमड़ी तो सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। केंद्रों पर दो गज की दूरी को भूलकर लोग आपस में धक्का मुक्की करते रहे। डीएम-एसपी और प्रेक्षक भी मतगणना स्थलों के निरीक्षण के दौरान बचाव नियमों के पालन की दलील देते रहे, मगर कोई कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था।
----
बेकाबू हुई भीड़ तो पुलिस ने पटकी लाठी
जफराबाद। सिरकोनी ब्लाक में मतगणना के दौरान बेतहाशा भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई गेट के अंदर घुसने के लिए बेताब था। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो भड़क उठे। बाद में एक-एक कर लोगों को प्रवेश के लिए कहा गया, लेकिन गेट खुलते ही एक साथ भीड़ ने घुसने की कोशिश की। नतीजा यह हुआ कि गेट के पास रखे कुर्सी-मेज व मेटल डिटेक्टर गिर गए। कई लोग भी जमीन पर गिरने के बाद रौंद दिए गए। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। इससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। इस दौरान कइयों को पुलिस की लाठी का कोपभाजन भी बनना पड़ा। हालांकि इससे कुछ देर के लिए तो व्यवस्था सुधरी, लेकिन फिर वही स्थिति बन गई।