लॉक डाउन के कारण मुंशी ने टाली शादी तो महिला सिपाही ने सगाई
- कहा: देश संकट में, पहले ड्यूटी जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरगंज। देश कोरोना के संकट से जूझ रहा है। लॉक डाउन का पालन कराने के लिए पुलिस कर्मियों पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। तमाम काम रोककर भी वह अपनी ड्यूटी निभाने में लगे हुए हैं। जिले में भी दो कर्मवीर हैं ऐसे हैं, जिन्होंने फर्ज की राह में अपनी व्यक्तिगत खुशियों को आड़े नहीं आने दिया। कोई अपनी शादी टालकर ड्यूटी पर मुस्तैदी से डटा हुआ है तो किसी ने अपनी सगाई कैंसिल कर दी है। उनका कहना है कि देश संकट में है, ऐसे में पहले ड्यूटी जरूरी है।
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के अमोघपुर गांव निवासी नीरज कुमार मीरगंज थाने में मुंशी के रुप मे तैनात हैं। वर्ष 2011 बैच के सिपाही नीरज की 27 अप्रैल को शादी तय हुई थी। वाराणसी के चौकाघाट इलाके में बरात जानी थी। कोरोना संक्रमण के संकट के कारण लॉक डाउन होने के कारण घर वालों ने तय किया कि कुछ लोग ही शादी में जाएंगे। सादगी से रस्में पूरी कर ली जाएगी, मगर नीरज ने शादी से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद शादी करुंगा। इस समय ड्यूटी जरुरी है। इसी तरह थाने पर तैनात पारुल अग्रहरी वर्ष 2019 बैच की कॉस्टेबल हैं। रायबरेली की निवासी पारुल की सगाई भी 28 को तय थी। घरवाले तैयारियों में लगे रहे, मगर पारुल ने ड्यूटी को जरूरी बताते हुए इसे टाल दिया है।