मड़ियाहूं के बीएनबी इंटर कॉलेज में बने क्वॉरंटीन सेंटर पर गुरुवार को सुबह झांसी डिपो की रोडवेज बस से 61 लोगों को महाराष्ट्र लाकर क्वारंटीन किया गया है। इसमें 50 मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के एक सदर एक शाहगंज , एक केराकत व आठ अन्य जनपदों के लोग शामिल हैं। सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों द्वारा जांच की गई और उन्हें क्वारंटीन किया गया। उनके भोजन आदि की व्यवस्था स्थानीय तहसील प्रशासन के माध्यम से किया जा रहा है।
रायबरेली से पैदल आ रहे दो युवक हुए बेहोश
लॉक डाउन के बाद फैक्ट्रियां बंद होने से मजदूर पैदल ही घरों की ओर रवाना हो गए। कई मील की दूरी पैदल तय करते हुए बृहस्पतिवार को जौनपुर पहुंचे दो युवक नौपेड़वा में बेहोश होकर गिर पड़े। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया गया। दवा, उपचार के बाद होश में आए युवकों ने अपना नाम राहुन निवासी रामनगर और मनोज निवासी पन्ना चंदौली बताया। युवकों के मुताबिक वह रायबरेली की कंपोस्ट खाद बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। लॉक डाउन के कारण फैक्ट्री बंद हुई तो वह भी वही रुक गए।
जेब में मौजूद पैसे और राशन खत्म हो गए। लॉक डाउन खत्म होने की उम्मीद नहीं दिखी तो 20 अप्रैल को दोनों पैदल ही घर के लिए निकल पड़े। रास्ते में कुछ स्थानों पर खाने को मिला, मगर पिछले दो दिनों से वह भूखे थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने बताया कि भूख के कारण दोनों बेहोश हो गए थे। दवा, उपचार के बाद उन्हें नजदीकी क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है।