जौनपुर। ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिले की पांच ग्राम पंचायतों में नए बहुउद्देशीय पंचायत भवन बनाए जाएंगे। इन भवनों के निर्माण के लिए शासन ने 87 लाख 30 हजार रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण पर 17 लाख 46 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जिले में कुल 1,740 ग्राम पंचायतें हैं। ग्रामीणों को छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं के लिए जिला या ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन विकसित किए जा रहे हैं। जहां अभी पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां किराये के भवनों में मिनी सचिवालय संचालित किए जा रहे हैं।
नवनिर्मित बहुउद्देशीय पंचायत भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इनमें कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे, इंटरनेट कनेक्शन, पंखे, बिजली की व्यवस्था और आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पंचायत भवनों के संचालन के लिए पंचायत सहायकों की तैनाती भी की जाएगी।
इन पंचायत भवनों से ग्रामीणों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र, आय, जाति और निवास संबंधी सेवाओं, आयुष्मान कार्ड, शौचालय सर्वे, बैंक खातों से धन निकासी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत का अभिलेख सुरक्षित रखने और उच्चाधिकारियों को पंचायत संबंधी रिपोर्ट भेजने का कार्य भी यहीं से किया जाएगा।
पांच पंचायत भवनों के निर्माण के लिए शासन से 87 लाख 30 हजार रुपये का बजट आवंटित हो चुका है। भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। नवीन सिंह, जिलापंचायत राज अधिकारी
ग्रामीणों को गांव में ही मिलेंगी सरकारी सेवाएं
1-जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना
2-आय और जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन
3-आयुष्मान कार्ड बनवाना
4-शौचालय सर्वे और बैंक खाते से राशि निकासी से जुड़े कार्य
5-ग्राम पंचायत का संपूर्ण डेटा संधारण और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषण