जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य की अध्यक्षता में वित्त समिति की हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय हुए। सत्र 2020-21 के लिए 150 करोड़ का बजट पास करने के साथ ही वित्त समिति ने कर्मचारियों के वेतन वृद्धि, एमटेक का शुल्क घटाने पर भी अपनी मुहर लगा दी है।
वित्त अधिकारी ने समिति समक्ष सत्र 2020-21 की परीक्षा के अलावा परिसर के अन्य विकास कार्यों के लिए 150 करोड़ का प्रस्ताव रखा गया। चर्चा के बाद इस पर सहमति दी गई। चालू सत्र में विवि परिसर में एमटेक का पठन-पाठन शुरू होने वाले हैं। विवि प्रशासन ने एमटेक की अतिरिक्त सीटों के लिए शिक्षण शुल्क एक लाख रुपया तय किया था। कोरोना संक्रमण को देखते हुए समिति ने इन सीटों के लिए भी सामान्य सीटों की भांति शिक्षण शुल्क 61 हजार ही करने की सहमति दी।
विवि में तैनात 32 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने के लिए कुलपति और रजिस्ट्रार को पत्रक सौंपा था। समिति ने तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन 5000 और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन 4000 रुपये तक बढ़ाने पर सहमति जताई। चालू सत्र से डी.फार्मा की पढ़ाई शुरू करने के लिए शिक्षण शुल्क 45500 रुपये तय किया गया। बीएससी नर्सिंग के लिए बैक पेपर की परीक्षा के लिए एक हजार रुपये प्रति पेपर शुल्क तय किया गया। बैठक में पिछली कार्यवाही पर चर्चा करने के साथ कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य, वित्त अधिकारी एमके सिंह, रजिस्टार सुजीत कुमार जायसवाल, प्रो. जेएन मिश्र और अपर निदेशक कोषागार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।