लोकसभा चुनाव हुए छह माह हो गए हैं, लेकिन जिले के दोनों सांसदों ने आदर्श ग्राम योजना के तहत अब तक एक भी गांव गोद नहीं लिया है, जिनका उन्हें सामाजिक, आर्थिक और ढांचागत विकास करना है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक इस संबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
जिले में दो लोकसभा सीटें हैं। बीते मई माह में हुए लोकसभा चुनाव में दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। मछलीशहर सीट से सपा सांसद प्रिया सरोज और जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से बाबू सिंह कुशवाहा सांसद हैं। दोनों सांसदों ने आदर्श बनाने के लिए अभी तक गांवों को गोद नहीं लिया है। जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के बारे में अब तक अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी है। यह योजना चालू है या बंद है, यह जानकारी प्राप्त कर ग्राम पंचायतों को गोद लिया जाएगा। मछलीशहर संसदीय सीट से सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि सांसद आदर्श गांव योजना में गांवों के विकास के लिए गोद लिया जाएगा। जल्द ही गोद लेने वाले गांवों का चयन किया जाएगा। परियोजना निदेशक डीआरडीए कृष्ण करुणाकर पांडेय ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना में गांवों को गोद लेने संबंधित कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। शासन से निर्देश आने पर इस योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।