मड़ियाहूं--मृतक शशिकला पटेल व श्रेया की फाइल फोटो। परिजन
मड़ियाहूं (जौनपुर)। नेवढ़िया के बुद्धिपुर गांव में शशिकला पटेल (26) और उनकी बेटी श्रेया पटेल (4) की बृहस्पतिवार की रात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इंस्पेक्टर क्राइम इरफान अली ने बताया कि पति रवि पटेल, ससुर हंसराज पटेल, सास शोभावती, देवर किशन और ननद रवीना मामले में नामजद हैं। पिता जयद्रथ पटेल ने बताया कि शशिकला की शादी छह जून 2021 को संतोषपुर गांव निवासी रवि पटेल से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए शशिकला को प्रताड़ित करते थे। भैंस और दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम को लगभग पांच बजे शशिकला ने अपनी बड़ी बहन ललिता पटेल को फोन करके ससुराल में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की जानकारी दी थी। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे शशिकला के ससुर हंसराज ने मायके वालों को फोन करके उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इसके बाद फोन नहीं उठने पर परिजन रात करीब 9:30 बजे संतोषपुर पहुंचे। वहां मकान में ताला लगा था और कोई मौजूद नहीं था। सूचना पर डायल 112 पुलिस भी पहुंची। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें कभी शशिकला और श्रेया को जौनपुर तो कभी भदोही तो कभी वाराणसी ले जाने की जानकारी दी गई। रात करीब 11 बजे परिजन मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे। सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बताया कि मां-बेटी का शव जौनपुर सदर अस्पताल में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।