यूपी के जौनपुर जिले के खुटहन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार सुबह प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद एसएचओ ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ।
खुटहन थाना क्षेत्र के पुराअंधरी गांव निवासी गीता (27) पत्नी विनोद को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन ले जाया गया। जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू हुआ। परिजनों के अनुसार, करीब दो घंटे बाद प्रसव के दौरान ही प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी।
देखते ही देखते जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। मृतका का मायका अस्पताल के समीप ही कैराडीह गांव में है। घटना की जानकारी होते ही मायके व ससुराल पक्ष के कई लोग अस्पताल पहुंच गए और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बवाल करना शुरू कर दिया। दो घंटे से अधिक समय तक अस्पताल गेट के भीतर ही शव रखा रहा।