फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धार्मिक स्थलों पर नहीं जमा हो सकेंगे पांच से अधिक लोग

विज्ञापन
कोतवाली थाना परिसर में धार्मिक संगठन के संचालकों के साथ आयोजित बैठक में बोलते एएसपी सिटी डा संजय - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच चैत्र नवरात्र, रमजान और नाइट कर्फ्यू को लेकर एएसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने रविवार को नगर कोतवाली में धार्मिक संगठनों के साथ बैठक की। इस दौरान लोगों को कोविड के नियमों का पालन करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी को सजग रहने की जरूरत है। हालत बेकाबू न हो इसलिए नियमों की अनदेखी करने वालों के साथ सख्ती से निबटने का फैसला लिया गया है। नाइट कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। इसलिए दुकानदार, खरीददार सभी को सुनिश्चित करना होगा कि रात नौ बजे सड़कें खाली हो जानी चाहिए। इस दौरान अगर कोई अनावश्यक घूमते मिला तो उसे 12 घंटे या 24 घंटे तक हवालात में रहना पड़ सकता है। मंदिर, मस्जिद या अन्य किसी धार्मिक स्थल में एक साथ पांच से अधिक लोग नहीं रह सकेंगे। घर से बाहर निकलते समय मॉस्क अनिवार्य रूप से लगाएं वरना जुर्माना हो सकता है। जिले के सभी थानाध्यक्षों को इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। इस बार रामनवमी के मौके पर शहर में निकलने वाले जुलूस पर भी पाबंदी रहेगी। बैठक में मौजूद अरशद कुरैशी ने कहा कि भोर में 4.25 बजे फजिल की नमाज होती है और रमजान में रात नौ बजे से तराबीह होती है। ऐसे नमाज के लिए लोग मस्जिद कैसे पहुंचेंगे। इसपर नगर मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री ने कहा नाइट कर्फ्यू के दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं को बहाल रखा जाएगा। मस्जिद, मंदिर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसपर आशुतोष जायसवाल ने कहा कि अगर मंदिर में सिर्फ पांच लोगों को रहना है तो इसके लिए कोई लिखित आदेश दे दिया जाए जिससे मंदिर के बाहर बैनर लगा दिया जाए। श्रद्धालु अगर पांच से अधिक संख्या में पहुंचेंगे तो उन्हें रोकने का इंतजाम प्रशासन को करना चाहिए। मंदिर प्रबंधन ऐसा करने में असमर्थ होगा। बैठक में डॉ कमर अब्बास, इंस्पेक्टर संजीव कुमार मिश्र, महिला इंस्पेक्टर तारावती यादव मौजूद थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें