जौनपुर। जन समस्याओं के निस्तारण के लिए शनिवार को सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों से कुल 511 प्रार्थना पत्र आए। इसमें से 50 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थनापत्रों को निस्तारण के लिए विभाग को सौंप दिया गया। वहीं एक फरियादी ने बताया कि तालाब पर कब्जा के लिए 9 साल से 60 से अधिक शिकायतपत्र दे चुका है लेकिन आज तक कब्जा नहीं मिला।
बदलापुर: डीएम अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 79 प्रार्थना पत्र आए। 8 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने ग्राम देव रामपुर के दिनेश कुमार के शिकायती प्रार्थना पत्र को संबंधित लेखपाल, राजस्व निरीक्षक व थानाध्यक्ष संतोष पाठक को तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया। ग्राम खजुरन की शारदा देवी के शिकायती पत्र के निस्तारण करने के लिए राजस्व निरीक्षक को दिशा निर्देश दिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, तहसीलदार राकेश कुमार, एसडीएम अर्चना ओझा, सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह, डीपीआरओ नत्थू राम, बीडीओ धर्मेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत आस्था पाठक मौजूद थीं।
मछलीशहर: एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में हुए आयोजन में 111 मामले आए। छह का निपटारा किया गया। भूमि विवाद, राशन कार्ड योजना में नाम शामिल कराने की शिकायत अधिक रही। अपर जिलाधिकारी राम अछैवर ने भी शिकायतें सुनी। इस मौके पर तहसीलदार अजीत कुमार,सीओ अतर सिंह आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील में एसडीएम सदर ऋषभ देशराज पुंडीर की अध्यक्षता में आयोजन हुआ। कुल 45 प्रार्थना पत्र आए। पांच का समाधान किया गया। इस दौरान तहसीलदार सदर सौरभ कुमार, सीओ सदर एसपी उपाध्याय, रत्नेश श्रीवास्तव, आशुतोष तिवारी, ईओ डॉ. अनुपम सिंह आदि मौजूद रहे।
शाहगंज: तहसील सभागार में एसडीएम शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में फरियाद सुनी गई। कुल 54 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर 11 का निपटारा किया गया। इस मौके पर तहसीलदार आशीष सिंह, नायब तहसीलदार शैलेन्द्र सरोज, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी सुभम तोंदी, इओ प्रदीप गिरी, एसडीओ रोशन जमीर मौजूद रहे।
केराकत: एसडीएम नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में 160 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से 12 का निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा, तहसीलदार मूसा राम, नायब तहसीलदार हुसैन अहमद, अमित सरोज, वीरेंद्र यादव मौजूद रहे।
केस-1भूमि धरी जमीन की हदबंदी 11 फरवरी को हुई है। परंतु आज तक उस जमीन पर कब्जा नहीं मिला। कई बार प्रार्थनापत्र दे चुका हूं, लेकिन न्याय नहीं मिल रहा है। अधिकारी-कर्मचारी केवल दौड़ाते हैं। थाना और तहसील का चक्कर लगा रहा हूं। -बलराम चौरसिया, उदयभानपुर महराजगंज
केस-2
वर्ष 2014 में तालाब का पट्टा मिला है लेकिन उस पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। वर्ष 2014 से ही विभिन्न अधिकारियों के पास 60 से अधिक शिकायती पत्र दे चुका हूँ। आज तक तालाब से कब्जा नहीं हटवाया गया। इस मामले में डीएम ने राजस्व विभाग को बुलाकर अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। -कमला कांत उपाध्याय, गोकुला मस्थरी।