जौनपुर जिले के गोधना-निगोह मार्ग पर ईंट लाद कर जा रहा ट्रैक्टर ट्राॅली समेत बीच सड़क पर सोमवार को सुबह पलट गया। इससे करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। रास्ता बंद होने के कारण लोगों को 10 किमी की अधिक दूरी तय करनी पड़ी। सुबह 7 बजे से बंद रास्ता 10 बजे ट्रैक्टर के हटने के बाद खुल सका।
गोधना से जरौना जाने वाली 8 किलोमीटर लंबी सड़क पर 100 से अधिक गड्ढे हैं। जबकि यह मार्ग मछलीशहर-वाराणसी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। रामपुर, रामनगर, निगोह और बरसठी जाने के लिए भी लोग इस रास्ते का प्रयोग करते हैं। सोमवार की सुबह सात बजे मीरगंज की तरफ से गोधना की ओर इंटरलाॅकिंग का ईंट लाद कर जा रहा एक ट्रैक्टर भटहर नहर पुलिया से उतरते ही गड्ढे में ट्राॅली का पहिया जाने से पलट गया।
करीब 9 मीटर चौड़ी यह सड़क इस कारण पूरी तरह बंद हो गई। बड़े वाहनों को बदले हुए रास्ते से निकलना पड़ा। स्कूल जाने वाले वाहन के बच्चों को भी परेशान होना पड़ा। सुबह 10 बजे के बाद ट्रैक्टर को हटाने के बाद रास्ता चालू हो सका।