महराजगंज। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने रविवार को ब्लॉक के बेसार में 1.62 करोड़ की लागत से वृहद गो संरक्षण केंद्र का वैदिक मंत्रोच्चार साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से बेसहारा मवेशियों के संरक्षण के लिए विशेष पहल की जा रही है। गो संरक्षण केंद्र बनने से जहां फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा। वहीं सड़कों पर घूम रहे गोवंशों के संरक्षित होने से दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। वहीं छुट्टा पशुओं से किसानों को निजात मिलेगी। निराश्रित पशुओं को सहारा मिलेगा। इसका निर्माण कार्य जल्द ही कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई वाराणसी की ओर से शुरू कर दिया जाएगा। इसके अंतर्गत टिन शेड, ऑफिस, भूसा, गोदाम, पानी के लिए ट्यूबवेल, सोलर पैनल, सोलर पंप समेत अन्य सुविधाएं गो संरक्षण केंद्र में उपलब्ध रहेंगी। इस मौके पर जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ ओपी श्रीवास्तव, पशु चिकित्सक डॉ सचिन कुमार सिंह सहित ग्रामीण रहे।