शाहगंज। सुल्तानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र के बरुआरीपुर गांव निवासी मृत विवाहिता के भाई रवि कुमार विश्वकर्मा ने एसपी अजय पाल शर्मा को तहरीर देकर बहन के ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बहन ज्योति विश्वकर्मा की शादी 16 मई 2022 में हुसैनाबाद गांव निवासी शनि विश्वकर्मा से हुई थी। उपहार स्वरूप सारा सामान दिया गया था। लेकिन ससुराल पक्ष वाले काफी नाराज रहते थे। ससुर गुड्डू विश्वकर्मा और सास मंजू देवी आए दिन डेढ़ लाख नकद, फ्रीज, कूलर मायके से लाने की बात कहकर मृतका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहते थे। जिससे आजिज आकर बहन ज्योति ने 10 जुलाई को फंदे से लटक कर जान दे दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया कि मृतका के भाई रवि विश्वकर्मा की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न के संबंधित धाराओं में पति शनि विश्वकर्मा, सास मंजू देवी विश्वकर्मा, ससुर गुड्डू विश्वकर्मा, रिश्तेदार भोला विश्वकर्मा, संजय, मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति शनि व सास मंजू देवी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।