इंडिया बुक आफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाले मिथिलेश नाग।
- फोटो : JAUNPUR
शाहगंज। लॉकडाउन के दौरान नगर के पान दरीबा मोहल्ला निवासी 29 साल के मिथलेश कुमार नाग कुछ अनूठा करने की जिद में बिना पलक झपकाए पूरे 6 मिनट 44 सेकेंड में 13 बार एक से 100 तक की गिनती पूरी की। साथ ही अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज कराकर जिले को गौरवान्वित किया है। इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में लांगेस्ट टाइम स्पेंट विदाउट ब्लिंकिंग हिज आई शीर्षक से उनका नाम दर्ज हुआ है।
मिथलेश कुमार नाग लेखक हैं। लॉकडाउन के दौरान मिथिलेश लॉकडाउन में अपने भांजे ऋषभ और आयुष के साथ बिना पलक झपकाए गिनती गिनने का खेल खेलते थे। मिथिलेश के मुताबिक खेल-खेल में ही तीसरी कोशिश में बिना पलक झपकाए लगातार 6 मिनट 44 सेकेंड में एक से 100 तक की गिनती 13 बार पूरी की। उसके बाद उन्होंने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में आवेदन किया। वहां के संपादक मंडल ने उनके आवेदन की जांच के बाद 23 मई 2020 को सत्यापित किया। इसके बाद मिथिलेश का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हो गया।