सुइथाकलां। सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी के पास बुढूपुर मोड़ पर शुक्रवार की सुबह मनबढ़ों ने बरातिया पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए, कुछ लोग घायल हो गए। पीड़ित सूचना देने पुलिस चौकी पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला।
अंबेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र के बनवा गांव निवासी रामतीरथ के यहां से बुढ़ूपुर गांव में बरात आई थी। कार्यक्रम के दौरान देर रात किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई। फिलहाल वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करा दिया। विदाई के बाद जब बरात वापस हुई तो सरायमोहिउद्दीनपुर खुटहन मार्ग स्थित बुढ़ूपुर तिराहे के पास 10-12 की संख्या में मनबढ़ युवकों ने बरातियों पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। इससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। हमले में बेवाना निवासी मनीष, संतोष, राम किशुन सहित कुछ अन्य लोग घायल हो गए।
पीड़ित बराती सूचना देने सरायमोहिउद्दीनपुर चौकी पहुंचे, जहां कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। पीड़ित द्वारा डायल 112 पर फोन कर मामले की जानकारी दी गई। मामले को लेकर लोगों में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष सरपतहां त्रिवेणी सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।