अमृत योजना के तहत सीवर लाईन बिछाने के लिए खोदकर छोड़ी गई सिविल लाईन रोड का निरीक्षण करते राज्यमंत
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार को जोगियापुर से कलेक्ट्रेट तक की सड़क का निरीक्षण किया। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क को तय समय सीमा के बाद भी दुरुस्त न किए जाने पर नाराजगी जताई। शीघ्र काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
अमृत योजना के तहत शहर में सीवर लाइन बिछाने के क्रम में नवंबर में जोगियापुर पुल से कलेक्ट्रेट तक की सड़क खोदी गई थी। काम पूरा होने के बाद मिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। सड़क को दुरुस्त अब तक नहीं किया गया है। धूल-मिट्टी के गुबार से राहगीर फजीहत झेल रहे हैं। दुकानदारों का व्यापार ठप है। सड़क पर आवागमन दूभर हो गया है। अधिवक्ता भी सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। बावजूद कार्यदाई संस्था लापरवाही बरत रही है। शुक्रवार को राज्य मंत्री गिरीश चंद्र ने जलनिगम के अफसरों के साथ पैदल चलकर सड़क का निरीक्षण किया। अब तक सड़क पर काम शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्य आरंभ करने का निर्देश दिया। राज्य मंत्री ने बताया कि अमृत योजना के नोडल अधिकारी व नगर विकास विभाग के सचिव से भी वार्ता हुई है। शीघ्र ही सड़क का निर्माण कराने को कहा गया है।