नगर कोतवाली क्षेत्र के शकरमंडी और खेतासराय कस्बे में स्थित ज्वेलरी और
दवा की दूकान का शटर तोड़कर सोमवार की रात लाखों का माल चोरों ने पार कर
दिया। सुबह चोरी की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना
पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
डागस्क्वाड की निशानदेही पर पुलिस
ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।नगर कोतवाली क्षेत्र के शकरमंडी
निवासी बृजेश मौर्य की शकरमंडी में ज्वेलरी की दूकान है। रात में चोरों ने
दूकान का शटर चांड़ कर दूकान में घुसे और आलमारी तोड़कर उसमें रखे नकदी और
सोने, चांदी के जेवरात उठा ले गए।
बृजेश के मुताबिक चोरों ने तकरीबन चार
लाख का माल पार कर दिया। भोर में करीब चार बजे पड़ोस में स्थित चाय के
दूकानदार ने अपनी दूकान खोली तो उसने शटर खुला देख सराफा कारोबारी को सूचना
दी। यहीं से महज 500 मीटर दूर शकरमंडी चुंगी स्थित आभा मेडिकल स्टोर का भी
शटर तोड़कर नकदी समेत कीमती दवाइयां चोर उठा ले गए।
बगल में स्थित एक अन्य
सराफा की दूकान में चोरी का प्रयास किया। आस पास के लोग जाग गए जिससे चोर
वहां से भाग गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस सुबह मौके पर पहुंचे। डागस्क्वाड
की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही
है।
उधर खेतासराय क स्बे के चौहट्टा निवासी गोविन्द प्रसाद सेठ की खुटहन
रोड पर ज़ी ज्वेलर्स के नाम से दूकान है। रात में करीब डेढ़ बजे थानाध्यक्ष
सीबी सिंह ने गश्त के दौरान दूकान का शटर खुला देख दूकान मालिक को जानकारी
दी। गोविंद रात में ही भागकर दूकान पर पहुंचे तो देखा दूकान में रखी
तिजोरी टूटी थी।
उसमें रखे 80 हजार रुपये मूल्य के जेवरात, तीस हजार नकद,
और 18 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन गायब था।
इंस्पेक्टर कोतवाली
सत्येंद्रनाथ तिवारी का कहना है कि कुछ लोगों को हिरासत में
लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।