कृषक इंटर कालेज थानागद्दी के मैदान पर चल रही तीसरी अखिल भारतीय आशीष क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने मेरठ को सात विकेट से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। गाजीपुर के सलामी बल्लेबाज मिलन ने 9 चौके और चार छक्के की मदद से 45 गेंद में नाबाद 75 रन बनाए।
पहले 20 ओवर के मैच में मेरठ की टीम ने 18.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 100 रन बनाए। रजत ने 27, विवेक 21 और जितेश ने 13 रन बनाए। गाजीपुर के गेदबाज विजय ने पांच, मुकेश यादव और गुलाब ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गाजीपुर की टीम ने 19.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 99 रन बनाए। अशोक ने सर्वाधिक 45 रन बनाए।
मेरठ के गेंदबाज रजत, सचिव और शिवा ने दो-दो विकेट चटकाए। दूसरी और आखिरी पारी में मेरठ ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। पहली पारी में एक रन की बढ़त से मेरठ ने गाजीपुर को 122 रन का लक्ष्य दिया। मेरठ के बल्लेबाज जितेश ने 34 रन बनाए।
गाजीपुर के गेंदबाज मुकेश यादव और गुलाब निषाद ने तीन-तीन विकेट चटकाए। जवाब में उतरी गाजीपुर की टीम ने 15.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 123 रन बनाकर मैच जीत लिया। मेरठ के तेज गेंदबाज अमरीश तोमर ने दो विकेट लिए।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शारदा दिनेश चौधरी ने विजेता टीम गाजीपुर के कैप्टन मुकेश यादव को ट्राफी सहित 21 हजार और उप विजेता मेरठ की टीम के कैप्टन धर्मेंद्र को ट्राफी और 10 हजार नकद देकर सम्मानित किया। मैन आफ दी सिरीज गाजीपुर के मिलन को ट्राफी और पांच हजार नकद तथा मैन आफ दी मैच मेरठ के रजत को ट्राफी और ढाई हजार दिया गया।
सर्वश्रेष्ठ फील्डर नितिन पवार और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार गुलाब निषाद को दिया गया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रामसिंह रघुवंशी, डा. जेडी सिंह, वरिष्ठ सपा नेता रमाशंकर यादव, करिया सिंह, रमेश चंद्र सिंह, मनीष सिंह, गिरिजाशंकर शर्मा मौजूद थे। संचालन अमित कुमार पांडेय और आभार आयोजक सारनाथ सिंह ने व्यक्त किया।