लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में एक सप्ताह के अंदर दो बार चोरी होने पर गुरुवार को गुस्साए लोगों ने जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग जाम कर दिया। जाम कर रहे लोगों का आरोप था कि एक ही सप्ताह के अंदर एक ही दूकान में दो बार चोरी हुई लेकिन चोर पुलिस के हाथ नही आ रहे हैं।
खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगाें को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई सड़क से हटने को तैयार नही हुआ। करीब दो घंटे बाद मय फोर्स के साथ पहुंचे सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
जौनपुर-मिर्जापुर रोड पर स्थित रामदयालगंज बाजार में पचोखर निवासी अश्वनी निषाद की मोबाइल की दुकान है। पिछले आठ जनवरी को चोर दूकान के पीछे से सेंध लगाकर 80 पीस मोबाइल, करीब 25 हजार रुपये नकद, लैपटाप सहित अन्य सामान उठा ले गए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एक सप्ताह बाद 14 जनवरी की रात चोरों ने फिर उसी दूकान के पीछे से सेंध लगा दिया।
एक ही दूकान में दोबारा चोरी की घटना से बाजार के लोग नाराज हो उठे। सुबह करीब साढे़ सात बजे लोग सड़क पर उतर आए। बाजार के लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। खबर मिलने पर पहुंची लाइन बाजार पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई हटने को तैयार नही था। 11 बजे सीओ सिटी मौके पर पहुंचकर लोगों को किसी तरह समझाया बुझाया उसके बाद लोग सड़क से हटने को तैयार हुए।
जाम करने वालों में भाजपा नेता मनोज निषाद, रामजीत, विनोद यादव, राजाराम यादव, अमृत लाल निषाद प्रधान, जितेंद्र निषाद, आनंद, अजय, रामू, अनिल जायसवाल, धर्मेंद्र अग्रहरि, कमलेश शर्मा, चंद्रिका, दिनेश कुमार, बाबा हलवाई, मानिक चंद्र, गुड्डू, अच्छेलाल शर्मा, अजय कुमार हलवाई, मुख्तार अहमद आदि शामिल थे।