करंजाकला। मुख्यमंत्री तय समय से तीन मिनट पहले उमानाथ सिंह स्वशासी राज्यकीय चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे और लगभग 20 मिनट तक वहां रहे। उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रों की बनाई कलाकृतियों की प्रदर्शनी की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दस बजे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में बने हेलीपैड पर पहुंचे। कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य व प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
उसके बाद मुख्यमंत्री सीधे मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्थान कर गए। मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक भवन, ओपीडी, लैब, शिक्षण कक्ष को देखा। प्राचार्य डॉ. शिव कुमार व चिकित्सकों से मंत्रणा की। लगभग 20 मिनट पचहटिया में बन रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लाट का निरीक्षण करने चले गए। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण और तेजी से काम पूरा करने को कहा।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री के सभा मंच के पीछे प्रदर्शनी सजाई गई थी। प्रदर्शनी देखने के बाद उन्होंने प्रदर्शनी के लिए कलाकृति बनाने वाले परिषदीय विद्यालय के बच्चों की तारीफ की। प्रदर्शनी में लकड़ी से बने शाही पुल, बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद आदि की प्रतिकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
दस किलोमीटर परिधि में बंद कराई गई दुकान
करंजाकला। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से लेकर पचहटिया तक 10 किलोमीटर की परिधि में दुकानें बंद करा दी गई थीं। आसपास फटकने वालों वालों पर लाठियां भाजी गईं। उनके जाने के बाद दुकानें खुल गईं।
मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर उतरते ही बिजली गुल
करंजाकला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलिकाप्टर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय पर 9:59 बजे पर उतरते ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हेलिकॉप्टर की गूंज सुनाई देते ही अचानक सराय ख्वाजा (देवकली) विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 50 से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति गुल हो गई।