थानागद्दी। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। केराकत विकास खंड के बम्बावन गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक अध्यापक की डिग्री फर्जी होने का दावा करते हुए पसेवा गांव निवासी समर बहादुर सिंह ने बुधवार को डीएम और बीएसए को पत्रक सौंपकर जांच की मांग की है। कहा गया है कि उनकी बीएड की ड्रिग्री फर्जी है।
डीएम को सौंपे गए पत्रक में उन्होंने कहा है कि 24 जुलाई 2019 को सीएम के जन सुनावई पोर्टल पर इसकी शिकायत कर जांच की मांग की गई थी। लेकिन जांच के नाम पर कुछ नहीं हुआ। उधर जांच के भय से सहायक अध्यापक दस महीने से बिना किसी छुट्टी के गायब हैं। तभी से विभाग उनके खाते में वेतन भी नहीं भेज रहा है। इस संदर्भ में बीईओ केराकत राजेश यादव का कहना है मामला संज्ञान में है। शिक्षक को इतने दिन से अनुपस्थित रहना और वेतन न लेना शक पैदा करता है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।