सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के ककोर गहना कोठवार रोड पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के दम पर कोटेदार एवं कंक्रीट व्यवसायी से 12 हजार नकदी, मोबाइल और बुलेट मोटरसाइकिल लूट ली। बदमाशों ने असलहे की मुठिया से मारकर व्यापारी को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सरायख्वाजा के बहाहुद्दीनपुर निवासी कोटेदार एवं क्रंकीट व्यवसायी मोहनलाल यादव शहर आए थे। शनिवार रात घर लौटते समय कुत्तूपुर से काकोर गहना होते हुए गिरधरपुर से कोटवार जा रहे थे। गिरधरपुर के पास सुनसान स्थान पर बाइक सवार मुंह बांधे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और असलहा सटाकर उनकी जेब से 12 हजार रुपये और मोबाइल ले लिया। इसके बाद उनकी बुलेट मोटरसाइकिल छीनकर ककोर गहना की तरफ भाग गए। छीना झपटी में 52 वर्षीय मोहनलाल यादव घायल हुए। वह पैदल ही कोठवार बाजार पहुंचे। वहां से किसी की मदद से घर पहुंचे। निजी चिकित्सालय में उनका उपचार कराया गया। सुबह उनकी बुलेट मोटरसाइकिल लावारिस हालत में लाइन बजार थानाक्षेत्र के चौकिया धाम के पास मिली। इस मामले में सीओ सदर परमानंद कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि सूचना के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।