सुहाग की सलामती के लिए मनाए जाने वाले पर्व करवा चौथ की तैयारियों को शनिवार देर शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनें रविवार को सोलह शृंगार कर निर्जला व्रत रखेंगी। इसके निमित्त पूरे दिन जिले के बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। हाथों में मेहंदी रचाने के साथ ही कपड़े, ज्वेलरी और कंगन के साथ साज-शृंगार के सामान की खूब खरीदारी हुई। करवा चौथ का उत्साह नई-नवेली दुल्हनों के सिर चढ़कर बोल रहा है। ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी लगवाने से लेकर पूजा और कपड़े-गहने की दुकानों तक भीड़ रही। पति की दीर्घायु के लिए मनाए जाने वाले इस त्योहार के लिए फल से लेकर शोरूम तक खरीदारों की भीड़ नजर आई। ठेलों पर करवा, सींक, खील खरीदने वालों की भीड़ लगी रही तो साड़ी की दुकानों पर देर रात तक महिलाएं साड़ियां चुनती दिखीं। पीतल, तांबे के साथ मिट्टी के करवा भी खरीदे गए।