फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप

विज्ञापन
महिला की मौत के मामले--मृतका अफसाना की फाइल फोटो। परिजन
विज्ञापन
चंदवक/डोभी। थानाक्षेत्र के हीरापुर मचहटी गांव में बृहस्पतिवार को सुबह एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। केराकत कस्बे के सिहौली मोहल्ला निवासी सलामुद्दीन ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अफसाना (28) की शादी आठ वर्ष पूर्व हीरापुर मचहटी गांव निवासी अजीम के बेटे सलमान के साथ की थी। सलमान घर पर ही अंडे की दुकान चलाता है। पिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे सलमान ने फोन कर बताया कि अफसाना ने दुकान के शटर की पाइप में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मायके के लोग ससुराल पहुंचे तो वहां अफसाना का शव पड़ा मिला। इससे नाराज परिजनों ने आरोपी सलमान पर हमला कर दिया लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सलमान को हिरासत में ले लिया। जिले से आई फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। ससुराल पक्ष के अनुसार, सलमान अपनी पत्नी अफसाना और तीन वर्षीय बेटे असद के साथ परिवार से अलग एक कमरे में रहता था। उसी से लगी उसकी अंडे की दुकान है। बुधवार को दोपहर सलमान केराकत से अफसाना के लिए दवाएं लेकर आया था। शाम को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात में खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में सो गए। सलमान का कहना है कि रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली तो अफसाना जाग रही थी, जिसे उसने सोने के लिए कहा और फिर खुद भी सो गया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली, तब उसने अफसाना को शटर में लगी पाइप से रस्सी के सहारे लटका देखा। उसने फंदा खोलकर शव नीचे उतारा और मायके वालों को सूचना दी। मृतका के पिता सलामुद्दीन ने पति सलमान, देवर अरमान, आजाद व करिया, देवरानी तमन्ना, ससुर अजीम और सास के खिलाफ बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। अफसाना के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष पिछले कई वर्षों से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। तीन वर्षों में वह कई बार झगड़े के बाद मायके आकर रही। चार माह पूर्व सुलह के बाद पति उसे वापस ससुराल ले गया था। चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पति सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें