महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता अपने बीस माह के बच्चे के साथ प्रेमी की चौखट पर दो दिनों से धरने पर बैठी है। उसका प्रेमी घर से फरार हो गया है। धरने पर बैठी विवाहिता का कहना है कि जब तक उसका प्रेमी और परिवार वाले उसे स्वीकार नहीं करेंगे, धरने पर ही बैठी रहेगी। परिवार के लोग अंदर से दरवाजा बंद कर घर के अंदर हैं।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी मुस्लिम युवक का उसी मोहल्ले की अपने ही समाज की शादीशुदा महिला से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा है। विवाहिता का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता था। लॉकडाउन में घर वापस आकर मजदूरी का काम कर रहा था। पिछले माह विवाहिता दवा के लिए कोलकाता स्थित अपने मायके चली गई। लेकिन प्रेमी के साथ उसका संबंध बना रहा। प्रेमी के बुलाने पर वह 28 अप्रैल को वाराणसी आ गई। वहां प्रेमी के साथ कई दिनों तक रही। वहां से फिर प्रेमी प्रेमिका दोनों महाराजगंज आकर अपने पिता के पुराने मकान में रहने लगे। इस संबंध में युवती का आरोप है प्रेमी के पिता ने उससे कहा कि तुम तलाक लेकर आओ, मैं तुम्हारी शादी अपने बेटे से करा दूंगा। मेरा प्रेमी भी मुझसे यह कह कर गया है तुम तलाक लेकर आओ, मैं तुमसे शादी करूंगा। इसी दौरान प्रेमी के भाई और पिता ने उसे डरा धमका कर भगा दिया। अब उसे डर है कि प्रेमी उसे छोड़कर फरार हो गया है। वह अपने बीस माह के बच्चे के साथ प्रेमी के घर के दरवाजे पर धरने पर दो दिनों से बैठी है। इस संबंध में सीओ बदलापुर चोप सिंह का कहना है कि घटना संज्ञान में है। पुलिस मामले का निस्तारण कराने की कोशिश कर रही है।