गौराबादशाहपुर। क्षेत्र के धानापुर गांव निवासी विजय गौड़ की पत्नी आकांक्षा (22) की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास ससुर के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अढ़नपुर गांव निवासी श्यामलाल की पुत्री आकांक्षा की शादी वर्ष 2019 में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धानापुर गांव निवासी नंदलाल गौड़ के पुत्र विजय के साथ हुई थी। बुधवार की सुबह घर वालों ने खिड़की से आकांक्षा को छत पर लगे कुंडे में लटका हुआ देखा तो पुलिस और मायके वालों को भी सूचना दी । मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि मायके वालों ने दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। विवाहिता के पिता श्यामलाल की तहरीर पर पति विजय, ससुर नंदलाल और सास विमला देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मिठाई की दुकान में घुसी कार
गौराबादशाहपुर। कस्बा में पुलिस चौकी के पास बुधवार को सुबह घने कोहरे के बीच एक अनियंत्रित कार मिठाई की दुकान में घुस गयी। संयोग था कि उस वक्त दुकान पर कोई मौजूद नहीं था। जौनपुर की तरफ से किसी शादी समारोह से लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर हरी मिठाई वाले की दुकान में घुस गयी। जिससे दुकान में रखा मिठाई का काउंटर, बेंच व मेज और टीनशेड सभी टूट गया। इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ।