कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में दहेज के लिए विवाहिता की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि सिंधौरा थाना क्षेत्र के बरईपुर निवासी अवनीश कुमार ने तहरीर दिया है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी बहन रोली की शादी 2 जून 2021 को केराकत थाना क्षेत्र के सुरतपुर झमका गांव निवासी गुलाब वर्मा के बेटे सुभाष वर्मा से हुई थी।
विवाह में दान-दहेज के रूप में एक लाख रुपये समेत जेवरात, बर्तन, कपड़ा आदि दिया गए। आरोप है कि शादी के बाद से ही बहन की सास कंचन वर्मा, जेठानी बबीता वर्मा, जेठ सुरेश वर्मा व उनके पुत्र किशन वर्मा दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रोली को लगातार प्रताड़ित करते रहे। जब वह विरोध करती तो उसका खाना-पानी बंद कर दिए और आए दिन मारपीट की जाती। उन्होंने बताया कि 16 अक्तूबर की दोपहर लगभग 12 बजे दहेज को लेकर फिर विवाद हुआ, जिसके बाद सास, जेठनी, जेठ और किशन ने मिलकर रोली की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान पीड़िता के सिर और नाक की हड्डी टूट गई तथा शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रोली को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पीड़िता के भाई ने ससुराल पक्ष के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास का आरोप का प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया प्रार्थना पत्र के आधार मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।