बक्शा। कृषि विज्ञान केंद्र पर शनिवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई। विशाल कृषि मेले में कृषि विभाग, पशु पालन विभाग, मधुमक्खी, रेशम, भूमि संरक्षण, इफको, वनविभाग, गन्ना सहित तमाम विभाग की ओर से स्टाल लगाए गए। इस दौरान 40 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने कहा कि किसान जैविक खेती का प्रयोग करें जो कम लागत में अधिक मुनाफा देता है। उन्होंने किसानों से वन ड्राप मोर क्राफ्ट के तहत कम पानी में खेती के तरीके सीखने की बात कही। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयप्रकाश सिंह ने कहा कि किसान आज भी धरातल की सच्चाई से दूर है , बहुत कुछ कागजों पर चल रहा है। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर सुरेश कुमार कनौजिया ने किसानों को जागरूक किया। उपकृषि निदेशक हिमांशु पांडेय ने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।संचालन डॉ. रमेशचंद्र यादव ने किया। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह, जिला कृषि अधिकारी केके सिंह, शशिकेश सिंह, सीवीओ परमहंस राय, गन्ना अधिकारी महेंद्र राय, कृषि वैज्ञानिक डॉॅ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सोनकर, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पवन कुमार आदि रहे। उधर कृषि विज्ञान केंद्र अमिहित के कीर्ति सिंह स्मृति सभागार में किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। इसमेंं 150 किसानों ने प्रतिभाग किया। केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉक्टर आरके सिंह ने कहा कि किसान कृषि क्षेत्र में अपना योगदान कर देश को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करें। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर संदीप कुमार ने कहा कि किसान भाई कृषि को उद्योग के रूप में अपना कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। वैज्ञानिक इंजीनियर वरुण कुमार ने कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत चर्चा की।
इन किसानों को किया सम्मानित
कृषि विज्ञान केंद्र पर बक्शा में कृषि विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गेहूं उत्पादन में प्रथम स्थान पाने वाले सुरेंद्र पंचम सिंह, चना में शिवकुमार सिंह, उद्यान विभाग में केला उत्पादन में भीम प्रकाश सिंह, टमाटर में राजपति यादव, आलू में महादेव वर्मा, गन्ना में नंदलाल मौर्या, श्री अन्न रागी में राम दुलार सिंह, प्राकृतिक खेती मक्का में इन्द्रसेन सिंह, मशरूम उत्पादन में साधना देवी, मत्स्य में मीरा सिंह, पशुपालन भैंस में अशोक यादव, गाय दूध में भानु प्रताप यादव सहित कुल 40 लोग सम्मानित किए गए। इस दौरान विधायक रमेश मिश्रा ने विकास खण्ड के कलिंजरा गांव निवासी एवं श्रीनगर के राजौरी में तैनात बीएसएफ जवान जंगबहादुर यादव को भी सम्मानित किया।
देश के सबसे बड़े किसान नेता थे चौधरी चरण सिंह
जौनपुर। नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को किसान दिवस के अवसर पर किसानों को सम्मानित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री किसान नेता चौधरी चरण सिंह की जयंती धूमधाम से मनायी गई। पूर्व विधायक लालबहादुर यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह देश के सबसे बड़े किसान नेता थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उत्तर प्रदेश की सेवा की। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. अवधनाथ पाल ने कहा देश में कुछ ही राजनेता ऐसे हुए जिन्होंने लोगों के बीच रहकर अपना नाम किया वहीं किसान नेता के रूप में चौधरी चरण सिंह का नाम सर्वोच्च स्थान लिया जाता हैं जिन्होंने किसानों के हितों में सबसे अधिक काम किया।सम्मानित होने वाले किसानों में अच्छेलाल निषाद, मोख्खनलाल गौतम, सोमनाथ प्रजापति, राजदेव राजभर, मित्तल सरोज, श्याम बहादुर यादव रहे। संवाद