जौनपुर। जिला अस्पताल में बने कोविड-19 एल-2 अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर मरीज की मौत के मामले में डीएम ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। एडीएम वित्त को जांच अधिकारी नामित करते हुए शीघ्र जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
शहर के खालिसपुर पानदरीबा निवासी वृद्ध (90) की तीसरी मंजिल से कूदकर मौत के मामले कई सवाल छोड़ गई है। पुलिस भले ही सीसी टीवी फुटेज का हवाला देकर छत से कूदने का दावा कर रही हो, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि 90 वर्ष की आयु में जो व्यक्ति ढंग से चल नहीं पाता हो वह तीसरी मंजिल की खिड़की से कैसे कूद सकता है। परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत वृद्ध को नीचे गिराया गया है। उन्हें किसी से मिलने-जुलने भी नहीं दिया जा रहा था, जिससे वह अपनी बात किसी से कह सकें। इन्हीं आशंकाओं के कारण काफी देर तक हंगामा करते हुए परिजनों ने जिला अस्पताल परिसर से पुलिस को शव नहीं ले जाने दिया। वह डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। बाद में उच्चाधिकारियों ने पहुंचकर जांच का आश्वासन दिया। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना पीड़ित वृद्ध की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। एडीएम वित्त को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वह सभी पक्षों की बातों को सुनकर और तथ्यों के अवलोकन के बाद यथाशीघ्र अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।