महराजगंज। बदलापुर के शाहपुर गांव में 2 जुलाई को यूपी एसटीएफ व पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक लाख के इनामी अपराधी सुमित सिंह ऊर्फ मोनू चवन्नी की मौत हो गई थी। इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मादड़ के निर्देश पर एसडीएम संतबीर सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के नरई इमिलिया गांव निवासी सुमित सिंह ऊर्फ मोनू चवन्नी की तलाश की जा रही थी। दो जुलाई की भोर में शाहपुर गांव स्थित दुगौली खुर्द मार्ग पर पुलिस को पीछा करते देख चवन्नी ने अपनी गाड़ी दाहिनी तरफ मोड़ने की कोशिश की लेकिन फंस गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में चवन्नी ढ़ेर हो गया। इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरु हो गई है। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस बारे में यदि किसी भी व्यक्ति को कोई लिखित या मौखिक साक्ष्य देना है तो वह 16 जुलाई से एक सप्ताह के अंदर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक एसडीएम न्यायालय में उपस्थित होकर दे सकता है।