मछलीशहर। कोतवाली से डेढ़ किलोमीटर दूर निकामुद्दीनपुर गांव के पंचायत भवन में बुधवार को ग्राम न्यायालय का शुभारंभ हुआ। सिविल जज जूनियर डिवीजन हिमांशु वर्मा ने प्रशिक्षण के बाद कार्यभार ग्रहण किया।
मछलीशहर ग्राम न्यायालय के कनिष्ठ लिपिक अल्केश सरोज ने बताया कि इस न्यायालय में अभी तक मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, मीरगंज व पंवारा चार थानों के क्षेत्राधिकार से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी। जिसमें ऐसे मामले देखे जाएंगे, जो दो वर्ष तक सजा के प्रावधान हैं। 1200 पत्रावलियों का स्थानांतरण जनपद न्यायालय से किया जा रहा है। नई पत्रावलियों के मुकदमों का दाखिला भी किया जाएगा। उक्त न्यायालय हेतु भवन के संबंध में प्रधान विजय यादव ने बताया कि तहसील स्तर पर जब भवन की तलाश की जा रही थी तो मेरे प्रयास से पंचायत भवन निकामुद्दीनपुर में उक्त न्यायालय को प्रस्तावित करने का सुझाव दिया गया था, जो आज जाकर सफल हो गया। इस दौरान पेशकार आनंद प्रकाश सिंह, कनिष्ठ लिपिक अल्केश सरोज, स्टेनो संदीप पटेल, अर्दली इन्द्रबहादुर उपाध्याय, ऑफिस कर्मचारी जयहिंद यादव उपस्थित रहे।