कस्बे में हिंदू महासभा के नेता के विरोध प्रदर्शन से लौट रहे युवकों की अभद्र टिप्पणी से शुक्रवार को सराय मोहल्ले का माहौल गरम हो गया। दो पक्ष आमने सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गुस्साए लोगों के बीच जमकर
धक्कामुक्की भी हुई। इसमें सीओ और इंस्पेक्टर गिरकर चोटिल हो गए। पुलिस ने लाठी भांजकर लोगों को खदेड़ दिया। तनाव को देखते हुए कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गई है। हिंदू महासभा के नेता के बयान के विरोध में कार्रवाई की
मांग को कुछ लोग सीरत कमेटी की अगुआई में दोपहर बाद जामा मस्जिद के मैदान में एकत्रित हुए थे। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन तहसीलदार कड़ेदीन शर्मा को सौंपा इस दौरान तहसीलदार और इंस्पेक्टर अरविंद
यादव को लोगों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी। प्रदर्शन से लौटते समय कुछ अराजक तत्व बाजार में अपमानजनक टिप्पणी करने लगे। इसे लेकर दूसरा पक्ष आक्रोशित हो गया। दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हुई। इसी बीच उन लोगों ने आसपास की
दो दूकानों में तोड़फोड़ की। तो बाजार के लोग उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए। सूचना पर आधा दर्जन थानों की पुलिस और पीएसी वहां पहुंच गई। लोगों ने पुलिस से भी धक्कामुक्की की। जिससे सीओ राम प्रताप
सिंह और इंस्पेक्टर अरविंद यादव गिर चोटिल हो गए। बाद में पुलिस ने लाठी भांज कर लोगों को खदेड़ दिया। घटना को लेकर कस्बे में तनाव है। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने कहा कि उपद्रव और अफवाह फैलाने वालों से प्रशासन सख्ती से
निपटेगा। उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उधर बजरंग दल के राजकुमार पटवा, राजेश गुप्ता, आशीष निगम आदि ने दूकानों में तोड़फोड़ करने और अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को कोतवाली में धरना दे दिया जो देर रात तक जारी था।