कोतवाल साहब करा दो हमारी शादी
कोतवाली में पहुंचे प्रेमी युगल ने की गुहार, शादी पर सहमत नहीं थे परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मछलीशहर। ‘कोतवाल साहब! घर वाले राजी नहीं है हमारी शादी करवा दीजिए।’ प्रेमी युगल शुक्रवार को घर से भागकर कोतवाली में पहुंचे और दो टूक शब्दों में अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि वे बालिग हैं और एक-दूसरे से बिछड़कर जी नहीं पाएंगे। पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के लड़के का एक अन्य गांव की लड़की संग काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों अलग-अलग जाति के हैं, लिहाजा घर वाले उनकी शादी को रजमंद नहीं है। पिछले दिनों घर वालों ने उन पर बंदिश भी लगा दी। शादी तो दूर मिलना-जुलना भी प्रतिबंधित हो गया। विवश होकर दोनों गुरुवार की शाम घरवालों को चकमा देकर फरार हो गए। यूपी-112 की टीम ने उन्हें बदलापुर क्षेत्र में पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उन्हें मछलीशहर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। थाने में पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की तो वह एक-दूसरे संग प्रेम की बात करते हुए शादी कराने की गुहार लगाने लगे। प्रेमी युगल का कहना था कि दोनों बालिग हैं, लेकिन अलग-अलग जाति का होने के कारण उनकी शादी के लिए घरवाले सहमत नहीं है। एक-दूसरे को बेहद प्यार करते हैं। अगर शादी नहीं हुई तो हम अलग नहीं रह पाएंगे। पुलिस ने उनके घरवालों को बुलाया। जिद के आगे लड़की के घरवाले तो राजी हो गए, मगर लड़के वाले तैयार नहीं हो रहे थे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों को घरवालों के साथ भेज दिया। कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि दोनों कल रात में आए थे, मगर आपसी सहमति बनने के बाद चले गए। किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।