महराजगंज। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में मंगलवार को बैंक खुलने के पहले से ही आधार कार्ड बनवाने वालों की लंबी कतार लग गई। भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग की का मानक भी चरमरा गया। ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मी भीड़ के आगे बेबस नजर आए। घंटों लाइन में लगने के बाद मात्र दस लोगों का फार्म जमा कर आधार कार्ड बनाया जा सका।
बैंक शाखा में आधार कार्ड बनने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण आधार कार्ड बनवाने के लिए बैंक खुलने से पहले ही लाइन में खड़े थे।वैंक खुलने के बाद पूरे दिन भर में मात्र 10 लोगों का ही आधार कार्ड बन पाया। ऐसे में सैकड़ों लोगों को वापस होना पड़ा। छात्र छात्रवृत्ति का आवेदन करने के लिए आधार कार्ड बनवाने के लिए सैकड़ों की संख्या में लाइन में खड़े थे। लेकिन आधार कार्ड न बनने से उन्हें निराश होना पड़ा। इस संबंध में शाखा प्रबंधक पार्थ भौमिक का कहना है कंप्यूटर सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा जिससे कम लोगों का आधार कार्ड बन पा रहा है। लाइन में लगे सभी के आवेदन लेकर रख दिया गया है। नंबर आने पर फोन से उन्हें बुलाया जाएगा।