जौनपुर। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) पर जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर बने नवनिर्मित फ्लाईओवर पर यातायात शुरू होने का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है।
डामर बिछाने का काम पूरा होने के बाद अब 10 अक्तूबर से फ्लाईओवर की तकनीकी लोड टेस्टिंग (भार क्षमता की जांच) शुरू की जाएगी। यह परीक्षण लगातार तीन दिनों तक चलेगा। इसके बाद फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू हो जाएगा। 640 करोड़ रुपये की लागत से मछलीशहर से भदोही तक पहले चरण की मुख्य सड़क स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी ने तय समय-सीमा में पूरा कर लिया था। हालांकि, जंघई रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में पहले रेलवे की एनओसी मिलने में लंबा वक्त लगा और बाद में बारिश के कारण डामरीकरण का काम बार-बार अटकता रहा। मौसम साफ होने और तेज धूप खिलते ही कार्यदायी संस्था ने अतिरिक्त संसाधन लगाकर प्लास्टिक डामर सीट बिछाने का काम पूरा कर लिया। 10 अक्तूबर से 12 अक्तूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय लोड टेस्टिंग के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और रेलवे के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी मौके पर रहेंगे। परीक्षण के तहत मशीन को पुल पर खड़ा कर विभिन्न बिंदुओं पर इसके भार वहन और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। सुरक्षा प्रमाणन मिलते ही इस पर विधिवत वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जाएगी।