चंदवक क्षेत्र के गाजीपुर-जौनपुर मार्ग स्थित रसड़ा गांव में बिना पंजीकरण संचालित हरिओम हॉस्पिटल को प्रशासन ने बुधवार को दोबारा सील कर दिया। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने 25 सितंबर को लगाई गई प्रशासनिक सील तोड़कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया था। इसकी सूचना मिलने पर तहसीलदार सत्यपाल चौहान के नेतृत्व में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल को फिर से सील कर दिया।
डोभी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि हरिओम हॉस्पिटल का पंजीकरण नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 25 सितंबर को जांच के दौरान अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर समेत अन्य व्यवस्थाएं संचालित पाए जाने पर कार्रवाई की थी। इसके बाद अस्पताल परिसर को सील कर दिया गया था।
दोबारा संचालन की सूचना पर पहुंची टीम
प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अस्पताल की सील तोड़कर संचालन शुरू करने का आरोप है। बुधवार को अस्पताल दोबारा संचालित होने की सूचना एसडीएम केराकत को मिली। इसके बाद तहसीलदार सत्यपाल चौहान के नेतृत्व में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जितेंद्र गुप्ता भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम ने अस्पताल को दोबारा सील कर दिया।