बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं नगरीय निकायों में जल निकासी की व्यवस्था की पोल खुल गई है। शकरमंडी सहित कई स्थानों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नालियों का पानी मलबे के साथ सड़कों पर फैला दिखा। वहीं, दूसरी ओर खुटहन में बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई, जब कि दो बच्चे झुलस गए। जलालपुर में ट्रांसफार्मर पर बिजली गिर गई। जिससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।
खुटहन थाना क्षेत्र के डिहियां गांव स्थित एक छप्पर पर बिजली गिर गई। जिससे इसकी चपेट में आने से छत्तर बिंद (33) की मौत हो गई। भोदू (4) और शालू (12) पुत्री अजय गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जलालपुर विद्युत उपकेंद्र के पीछे लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर शनिवार की रात बिजली गिर गई। इससे त्रिलोचन फीडर का केबल ब्लास्ट हो गया। जिससे करीब 40 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि दोपहर बाद ब्लास्ट केबल को ठीक कर दिया गया, जिससे 25 गांव की आपूर्ति चालू हो गई। हालांकि अब भी 15 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।