ओलन्दगंज में दीपावली पर्व की पूर्व संध्या पर लक्ष्मी गणेश प्रतिमा की खरीदारी करतीं महिलाएं। संव
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। अंधेरे पर प्रकाश के विजय का पर्व दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को रंग विरंगी रौशनी से शहर और गांव नहा उठे हैं। छोटी दीपावली पर लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों पर रंग बिरंगी झालरों से जगमगा दिया । वहीं लोगों ने यम के दीपक भी जलाए। लोगों ने दीया, झालर, मोमबत्ती से लेकर लाई चुड़ा और चीनी से बनी मिठाईयों की जमकर खरीदारी की। जगमगाते नगर में खरीदारों की भीड़ से त्योहार की रंगत निखर रही थी।
दीपोत्सव के दूसरे दिन छोटी दीपावली पर भी लोगों ने जमकर खरीदारी की शनिवार को धनतेरस के पर्व पर जिस तरह से भीड़ उमड़ी उससे कम रविवार को नहीं थी। हर किसी ने खरीदारी की। अपनी जरूरत का भी लोगों ने ध्यान रखा। बर्तन व मिठाई की दुकानें चमकती रहीं। चांदी और सोने के सिक्के से लेकर मिट्टी की मूर्तियों तक की दुकानों पर रेला रहा। सरकारी कार्यालय, बैंक व अन्य संस्थानों में दीपावली के अवकाश होने से नौकरीपेशा तबका खरीदारी के लिए बाजार में पहुंचा शहर के ओलन्दगंज, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सजी त्योहार से जुड़ी दुकानों पर खरीदारी की भीड़ देर शाम तक बनी रही । दीया, मोमबत्ती, झालर के अलावा लोगों ने लाई चूड़ा चीनी से बनी मिठाइयां नए कपड़े आदि की खूब खरीदारी की।
अग्निशमन दल मुस्तैद
जिले में कुल आठ जगहों पर पटाखे की बिक्री के लिए दुकानें लगाई गई है। वहां दुकान मालिकों ने किसी भी पर आपतकालिन परिस्थियों से निपटने के लिए बालू पानी, कंबल आदि की व्यवस्था की है। इसके साथ अग्नि शमन विभाग ने एक फायर वैन की तैनाती की है ताकि अनहोनी से निपटा जा सकें।
देशी सूरन का बढ़ा दाम
दीपवाली पर्व पर खाने में शुभ माने जाने वाला देसी सूरन का दाम बढ़ गया है। 20 से 25 रुपये किलो विकने वाला यह सूरन अब 75 रुपये प्रतिकिलो हो गया है। त्यौहारी सीजन में देशी सूरन के कीमत में वृद्धि होने से लोगों को अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ेगा। दुकानदार हरीनाथ मौर्या ने बताया है कि देशी सूरन के दाम 25 से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो हो गया है। बाजार में 60 रुपये किलो लाई, 80 रुपये गड्टा, चीनी की मिठाई सौ रुपये, चिउड़ा 60 रुपये किलो रहा।