कृषि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिक्री में अनियमितता और अभिलेख अधूरे मिलने पर दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। जबकि एक प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। किसानों की समस्याओं को अमर उजाला ने 12 नवंबर के अंक में पेज नंबर दो पर ''खुटहन में 25 हजार किसानों हिस्से डीएपी की सिर्फ 5 हजार बोरियां आई'' शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। खबर को संज्ञान में लेकर जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह ने किसान फर्टिलाइजर नौपेड़वा, चौहान खाद भंडार कलिंजरा बाजार, अमित कुमार अंकित कुमार तेजीबाजार, रामानंद प्रदीप कुमार बरईपार और गुरु कृपा खाद भंडार बरईपार का निरीक्षण किया। किसान फर्टिलाइजर नौपेड़वा पर उर्वरकों की बिक्री में अनियमितता मिली। वहीं, रामानंद प्रदीप कुमार बरईपार के प्रतिष्ठान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर अपूर्ण मिले। प्रतिष्ठान पर फर्म का नाम भी अंकित नहीं था। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। गुरु कृपा खाद भंडार बरईपार पर स्टॉक बोर्ड और रेट बोर्ड नहीं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
समस्या पर कंट्रोल रूम में करें शिकायत
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में 39154 टन यूरिया, 13031 टन डीएपी और 6615 टन एनपीके उर्वरक वितरण के लिए उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि निकटतम बिक्री केंद्र से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर जोत बही के अनुसार संस्तुत मात्रा में उर्वरक खरीदें। उर्वरक प्राप्त करने में समस्या होने पर जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8419021250 पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।